*
*कांकेर जब सेवा ही साधना बन जाए और प्रकृति के प्रति संवेदना जीवन का मूल मंत्र हो तब पावन संकल्प जन्म लेते है! मानव सेवा और लोककल्याण की इसी दिव्य चेतना को साकार रूप प्रदान करने हेतु संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रोजेक्ट अमृत के अंतर्गत 'स्वच्छ जल स्वच्छ मन' अभियान के चौथे चरण का भव्य शुभारंभ रविवार 22 फरवरी 2026 प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशानुसार समस्त भारत मे भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है!
उपरोक्त जानकारी संत निरंकारी मंडल ब्रांच कांकेर के संयोजक श्री राजा देवनानी जी ने देते हुए बताया कि यह विशाल अभियान देशभर में 1500 से अधिक स्थानों में एक साथ आयोजित किया जाएगा! इस व्यापक विस्तार के कारण यह प्रयास ऐतिहासिक स्वरूप धारण करेगा, जो जल संरक्षण तथा स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावशाली रूप से पहुंचाएगा!
इस पहल का मूल उद्देश्य समाज को यह अनुभूति करना है कि जल केवल संसाधन नहीं, जीवन का आधार और ईश्वर की अमूल्य देन है, जिसकी रक्षा करना प्रत्येक मानव का नैतिक कर्तव्य है! संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह जी की प्रेरणास्पद शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 'प्रोजेक्ट अमृत' का सूत्रपात किया था! यह पुनीत पहल जन संरक्षण को किसी एक दिवस या अभियान तक सीमित न रखकर उसे जीवनशैली, संस्कार और सेवा-भाव के रूप मे अभिव्यक्त करने की प्रेरणा देती है, जहां स्वच्छ जल से स्वच्छ मन और स्वच्छ समाज का निर्माण संभव हो सके!
नदियों,झीलों,तालाबों, कुओं एवं झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन हेतु समर्पित इस जनआंदोलन ने अपने प्रथम तीन चरणों में सेवा समर्पण और सहभागिता की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की है! इन्हीं उपलब्धियों से प्रेरित होकर इस चरण को और अधिक विस्तृत, संगठित एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है जिससे समाज के हर वर्ग में प्रकृति के प्रति जागरूकता और सहभागिता की सुदृढ़ चेतना का विस्तार कर सके!
गीतों की मधुर प्रस्तुतियां, सामूहिक गान,जागरूकता संगोष्ठियां एवं सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से जलजनित रोगों तथा स्वच्छता के महत्व पर जन चेतना को प्रोत्साहित किया जा रहा है! यह पहल यह स्मरण कराती है कि जब मन निर्मल होता है, तभी प्रकृति भी स्वच्छ होती है, और जब सेवा में समर्पण जुड़ जाता है, तब समाज का नवनिर्माण होता है!
सतगुरु माता जी का संदेश सदैव यही रहा है कि हम इस धरती को आने वाली पीढियां के लिए पहले से अधिक सुंदर, स्वच्छ और संतुलित रूप में संजोग कर रखें!' स्वच्छ जल स्वच्छ मन' अभियान इस पावन संकल्प का संजीव प्रतीक है, जो मानव को प्रकृति, समाज और आत्मा से जोड़ते हुए करुणा, संतुलन और सौहार्द से परिपूर्ण भविष्य की ओर मार्गदर्शन करता है!
यह अभियान ब्रांच कांकेर में विगत वर्षों मे डांडिया तालाब, नेगी तालाब मे चलाया गया इसी प्रकार इस वर्ष श्री शीतला मंदिर प्रांगण तालाब में आयोजित किया जाएगा जिसका दिनांक 22.02.2026 दिन रविवार समय सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे होगा समस्त मानव सेवा को समर्पित व्यक्तियों से समूहों से हम आग्रह करते हैं कि बढ़-चढ़कर इस अभियान में अपनी भागीदारी प्रदान कर इस सेवा के कार्य मे अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सफलता प्रदान करें एवं आम जनमानस मे स्वछता की प्रेरणा का मॉडल प्रस्तुत करें!
