जगदलपुर।
Khelo India Tribal Games 2026 के अंतर्गत बस्तर में आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं के समापन के बाद क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में एक विशेष दृश्य देखने को मिला, जब सभी खिलाड़ी एक जगह एकत्र हुए और अधिकारियों ने उनसे सीधे संवाद किया।
इस अवसर पर आईजी पी सुंदर राज, बस्तर संभाग आयुक्त डोमेद सिंह, कलेक्टर बस्तर आकाश छिकारा, एसपी शलभ सिन्हा तथा अपर कलेक्टर एवं सहायक संचालक ऋषिकेश तिवारी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया।
आईजी पी सुंदर राज ने खिलाड़ियों से कहा कि
“आप सभी में आगे बढ़ने की अपार क्षमता है। अनुशासन और मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाएं, सफलता जरूर मिलेगी।”
इस दौरान उन्होंने सुकमा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी स्मिता कटामी, जो क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में रहकर प्रशिक्षण ले रही है, की विशेष सराहना की और उसे अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बताया।
बस्तर संभाग आयुक्त डोमेद सिंह ने खिलाड़ियों को समझाते हुए कहा कि
“आपका हर प्रयास आपको आपके लक्ष्य के करीब ले जाता है। लगातार अभ्यास और समर्पण से ही पहचान बनती है।”
कलेक्टर आकाश छिकारा ने खिलाड़ियों से कहा कि
“खुद पर विश्वास रखें और हर दिन अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने की कोशिश करें। सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास ही सफलता का आधार है।”
एसपी शलभ सिन्हा ने खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक से सीखने की सलाह देते हुए कहा कि
“आज के समय में YouTube जैसे माध्यमों से बहुत कुछ सीखा जा सकता है, लेकिन असली सफलता उसी को मिलती है जो उसे मैदान में उतारकर मेहनत करता है।”
अपर कलेक्टर एवं सहायक संचालक ऋषिकेश तिवारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि
“खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। नियमित अभ्यास, सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच से ही सफलता हासिल की जा सकती है। खेल में धैर्य और निरंतरता बहुत जरूरी है।”
इस दौरान सभी अधिकारियों ने एक स्वर में खिलाड़ियों को सफलता का मूल मंत्र दिया—नियमित अभ्यास, अनुशासन, फिटनेस, मानसिक मजबूती और सीखने की निरंतर इच्छा ही उन्हें आगे बढ़ाएगी।
समापन के बाद खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच यह संवाद प्रेरणादायक रहा, जिसने खिलाड़ियों को न केवल मार्गदर्शन दिया बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी नई ऊर्जा दी। यह पल खिलाड़ियों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।
